इंका इंका दक्षिण अमेरिका के अंतिम महान अमेरिंडियन साम्राज्य के शासक थे, और अमेरिका के सबसे बड़े पूर्व-कोलंबियाई राज्य के निर्माता थे। मूल रूप से पेरू के कुज़्को क्षेत्र की एक छोटी जनजाति, इंका ने एक राज्य का गठन किया जो 15 वीं शताब्दी की शुरुआत में मध्य एंडीज में एक प्रमुख शक्ति बन गया। 1438 में चांका साम्राज्य ने उनकी शक्ति को चुनौती दी, उनका नेता इंका के बढ़ते सांस्कृतिक वर्चस्व को नापसंद करता था। इंका ने चांका आक्रमण को विफल कर दिया और जवाब में, विस्तार का एक विशाल, निर्बाध दौर शुरू किया जो लगभग एक शताब्दी तक चला। 1438 में, असफल चांका आक्रमण के बाद पचकुटी इंका द्वारा इंका साम्राज्य की स्थापना की गई थी। पचकुटी, राजा वीराकोचा के, जो 1410 से इंका के शासक थे, के सबसे छोटे बेटे थे। जब वीराकोचा और उनके नियुक्त उत्तराधिकारी इंका उर्क ने आक्रमण के दौरान कुज़्को को छोड़ दिया, तो पचकुटी और कुछ बचे हुए सैनिकों ने शहर की रक्षा की। आगे कई वर्षों तक, इंका सम्राट ने अपने बेटे, टोपा इंका यूपांकी के साथ मिलकर काम किया, उसे युद्ध के तरीके सिखाए लेकिन शाही प्रशासन की उसकी समझ को नज़रअंदाज़ किया। इसी के चलते, टोपा यूपांकी और भी अधिक कुशल सैन्य नेता बन गए, जिससे साम्राज्य का आकार काफ़ी बढ़ गया, लेकिन इससे अति-विस्तार का जोखिम भी उठाना पड़ा। इंका अर्थव्यवस्था और समाज शक्ति की पिरामिड सरीखी संरचना पर बहुत अधिक निर्भर था, जिसके तहत अभिजात वर्ग साम्राज्य की संपत्ति को उन लोगों में पुनर्वितरित करता था जो उनके प्रति निष्ठा का वादा करते थे। सामाजिक पिरामिड के सबसे निचले छोर पर रहने वालों को जीवित रहने के लिए पर्याप्त दिया जाता था और आक्रमणों से उनकी सुरक्षा की जाती थी, लेकिन तभी तक जब तक कि वे 'अमा सुवा, अमा लुल्ला, अमा क़ेला' (चोरी न करें, झूठ न बोलें और आलसी न बनें) के तीन बुनियादी नियमों को न तोड़ें। इसके अलावा, इंका साम्राज्य के पास सोने और चांदी के दुनिया के सबसे बड़े भंडारों में से एक भंडार था, जो उन्हें उस समय की दुनिया की सबसे धनी सभ्यताओं में से एक बनाता था (भले ही सबसे धनी नहीं)। क्रूर शक्ति या नवीन प्रौद्योगिकी पर निर्भर रहने के बजाय, इंका सेना ने प्रभावी सैन्य रणनीति, विशेष रूप से तीव्र समन्वित आक्रमणों और पश्चिमी दक्षिण अमेरिका के विभिन्न इलाकों के हिसाब से अपने सैनिकों को अनुकूलित करके अपने दुश्मनों को मात दी। हुआंका के खिलाफ़, इंका ने उन्हें आश्चर्यचकित करने और एक लंबे और कठिन संघर्ष को रोकने के लिए तेज सैन्य हमलों का इस्तेमाल किया। चिमोर साम्राज्य के खिलाफ़, एक ऐसा राज्य जो प्री-कोलंबियन अमेरिका के सर्वश्रेष्ठ धातुकर्मियों (और संभवतः यूरोपीय आगमन से पहले नई दुनिया में सबसे अच्छे बख्तरबंद सैनिकों) के लिए जाना जाता था, इंका ने क्षेत्र के रेगिस्तानी इलाके का अपने लाभ के लिए इस्तेमाल किया, नदियों को काट दिया जो शक्तिशाली चिमोर राजधानी चान-चान को पानी देती थीं और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर किया। इंका सेना उन विभिन्न सभ्यताओं से बनी थी, जिन पर उन्होंने अपने विस्तार के दौरान विजय प्राप्त की थी, जिनमें से हरेक अपने हथियार और कौशल युद्ध में लेकर आया था। इस प्रकार, इंका शाही सेना को अमेज़ॅन के धनुर्धारियों, एंडियन स्लिंगर, चिमोर गदाधारियों, कैनरी भालाधारियों और आयमारा तलवारबाजों से सुसज्जित देखना असामान्य नहीं था, जिनका नेतृत्व इंका अभिजात वर्ग के शीर्ष अधिकारियों द्वारा किया जाता था। इंका नौसेना, सैन्य नज़रिए से मौजूद नहीं थी, हालांकि किंवदंतियां उनके जहाजों की प्रशांत महासागर में दूर तक जाने की क्षमता के बारे में बताती हैं, और पुरातात्विक साक्ष्य संकेत देते हैं कि एंडियन सभ्यताएं जीवित रहने के लिए समुद्र पर बहुत अधिक निर्भर थीं। हाल के शोध से यह भी पता चलता है कि इंका साम्राज्य के सबसे उत्तरी प्रांत मेसोअमेरिका के साथ व्यापार करते थे। 1527 में, पैक्स इंकैका, जो सम्राट हुयाना कैपैक द्वारा स्थापित सापेक्ष शांति और समृद्धि की एक लंबी अवधि थी, चेचक के हाथों हुयाना की अप्रत्याशित मृत्यु के साथ समाप्त हुई, एक ऐसी बीमारी जो इंका के लिए अज्ञात थी। चेचक और अन्य यूरोपीय बीमारियों ने इंका साम्राज्य को तबाह कर दिया, जिससे इसके अधिकांश निवासी मारे गए। 1529 में, व्यावहारिक रूप से नेतृत्वहीन साम्राज्य गृहयुद्ध में गिर गया क्योंकि हुयाना कैपैक के बेटे, राजकुमार हुआस्कर और उनके सौतेले भाई अताहुल्पा, राज्य के नियंत्रण के लिए लड़े। इस अराजकता के बीच, फ़्रांसिस्को पिजारो और स्पेन के विजेताओं का एक समूह इंका की महान संपत्ति हासिल करने के इरादे से पेरू के तट पर पहुंचा। इंका साम्राज्य का अस्तित्व 1533 में समाप्त हो गया, जब विजयी अताहुआल्पा को पिजारो ने पकड़ लिया और सोने और चांदी से भरे दो बड़े कमरों की फ़िरौती देने के बावजूद उसे मार डाला। स्पेनियों ने इंका साम्राज्य (विशेष रूप से हुआंका) के विजित लोगों के साथ गठबंधन करने के लिए विश्वासघाती कूटनीति का इस्तेमाल किया, जिन्होंने बदले में उन्हें इंका पर विजय पाने के लिए आवश्यक संख्या में सेना प्रदान की। फिर भी, इंका सभ्यता 1572 तक जारी रही, जिसने स्पेनिश विजेताओं के बीच चल रहे आंतरिक विवादों का लाभ उठाया। हालांकि बाद में हारे हुए हुए इंका साम्राज्य को फिर से बनाने के प्रयास किए गए, लेकिन फिर कभी भी अमेरिंडियन के नेतृत्व वाली एंडियन सभ्यता इंका के प्राचीन गौरव को पुनः प्राप्त करने के लिए नहीं उभरी।